भाजपा के राजनीतिक दबाव में मेरा व्हाट्सऐप खाता बंद किया गया : अजय राय


लखनऊ, 14 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों, घोटालों और नाकामियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनके खिलाफ डिजिटल माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक दबाव में उनका व्हाट्सऐप खाता प्रतिबंधित कर दिया गया है और उन्हें खाते की समीक्षा कराने का अधिकार भी नहीं दिया जा रहा है।
श्री राय ने शुक्रवार को फेसबुक पोस्ट में कहा ,“भाजपा सरकार की नीतियों और उसकी नाकामियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाने की उन्हें सजा दी जा रही है। भाजपा के राजनीतिक दबाव में उनका व्हाट्सऐप खाता बंद किया गया है। मेरे खाते को प्रतिबंधित किए जाने के साथ ही समीक्षा का अधिकार भी छीन लिया गया है। भाजपा चाहे जितने डिजिटल हथकंडे अपना ले, कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगी।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक लगातार उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों पर सवाल करती रहेगी। श्री राय ने व्हाट्सऐप और मेटा से उनके खाते को तत्काल बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर किसी की आवाज को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
अजय राय ने अपनी फेसबुक पोस्ट में ‘भाजपा को बेनकाब करने’, ‘व्हाट्सऐप प्रतिबंध’ और ‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस’ से जुड़े हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती