विदेशी पैसे के बल पर भारत की सामाजिक एकता खंडित करना चाहती है कांग्रेस: योगी
लखनऊ/रायबरेली, 24 अगस्त ( वार्ता ) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने देश और समाज को बांटने का काम किया और अब विदेशी पैसे के बल पर भारत की सामाजिक एकता को खंडित करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने लोगों से ऐसी ताकतों से सावधान रहने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विरासत व विकास के अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि रायबरेली अब बदल चुका है। पहले वीआईपी संसदीय क्षेत्र के नाम पर यहां बदहाली और अभाव था, जबकि अब गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
योगी ने रायबरेली की मॉडर्न कोच फैक्ट्री का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्ष यहां रिकॉर्ड 2,156 कोच का निर्माण हुआ। मई 2026 में पहली बार वंदे भारत ट्रेनशेड का निर्माण भी रायबरेली में हुआ, जिससे जिले की पहचान मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अयोध्या दौरे और कथित मछली भोज को लेकर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मछली की दावत करने वालों का आचरण जनता ने देख लिया है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विरासत का अपमान कर रहे हैं। मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी के बयान पर योगी ने कहा कि इसे मानना या न मानना अलग विषय है, लेकिन गलत तथ्य नहीं बताए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा की कालगणना प्राचीन भारतीय परंपरा से जुड़ी है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने घोषणा की कि रायबरेली में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरा पासी का भव्य स्मारक और प्रतिमा स्थापित की जाएगी। योगी ने कहा कि रायबरेली में एम्स का संचालन हो रहा है और डबल इंजन की सरकार जिले को नई पहचान दे रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें