भाजपा चाहे जितनी रुकावटें पैदा करे , हर हाल में होगा " छात्रों की गूंज ": अजय राय
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम " छात्रों की गूंज " में रुकावट डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले भी भाजपा शासित राज्यों में अनुमति निरस्त की गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यक्रम रोकने की कोशिश कर रही है लेकिन वो इसमें कामयाब नहीं होंगे। प्रयागराज में हर हाल में कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से अपील करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
गौरतलब है कि आठ अगस्त को प्रस्तावित " छात्रों की गूंज " कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल की अनुमति कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने निरस्त कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व स्थानीय कांग्रेसी कार्यवाहक अध्यक्ष से उनके आवास पर मिलने पहुंचे , लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाए हैं कि सरकार के दबाव में अनुमति निरस्त की गई। उन्होंने कहा कि केपी ट्रस्ट ने 30 जुलाई को कार्यक्रम की अनुमति दी थी तब ऐसा कुछ नहीं था। इससे पहले भी भाजपा शासित राज्यों राजस्थान व उत्तराखंड में पहले दबाव के कारण आयोजन की अनुमति निरस्त की गई और बाद में सरकार को अनुमति देनी पड़ी।
उन्होंने एक्स पर अपने वीडियो संदेश में कहा कि भाजपा सरकार चाहे जितनी भी रुकावटें पैदा कर ले , 8 अगस्त को प्रयागराज की पावन धरती पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का " छात्रों की गूंज " कार्यक्रम हर हाल में आयोजित होगा।
पहले कोटा (राजस्थान) फिर देहरादून (उत्तराखंड) और अब प्रयागराज। भाजपा सरकार हर जगह युवाओं और राहुल गांधी जी के इस ऐतिहासिक संवाद को रोकने की नाकाम कोशिश कर रही है लेकिन देश के युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। मैं समस्त छात्र.छात्राओं , प्रतियोगी परीक्षार्थियों और युवाओं से अपील करता हूं कि 8 तारीख को प्रयागराज पहुंचें और सीधे राहुल गांधी जी की आवाज में अपनी आवाज मिलाएं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें