राणा बेनी माधव बक्श सिंह की जयंती पर योगी ने सभागार का लोकार्पण किया, कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना


रायबरेली, 24 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और ‘अवध केसरी’ राणा बेनी माधव बक्श सिंह की 222वीं जयंती पर उनके नाम पर निर्मित सभागार का लोकार्पण किया। इसके बाद फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने 879 करोड़ रुपये से अधिक की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

सभागार के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले राणा बेनी माधव बक्श सिंह, उनके सहयोगी वीरा पासी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाल चंद्र स्वर्णकार समेत अन्य सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राणा बेनी माधव बक्श सिंह और उनके सहयोगियों का अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष देश के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि सभागार में राणा बेनी माधव बक्श सिंह के साथ वीरा पासी और उनके अन्य सहयोगियों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जानी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सके। उन्होंने बताया कि सभागार की योजना की लागत करीब 21 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर लगभग 25 करोड़ रुपये हो गई है। इसके दूसरे चरण में यहां अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान पहुंचे, जहां रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों में 879 करोड़ रुपये से अधिक की 346 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से करीब 19 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र और आवास की चाबियां भी वितरित की गईं। 60 से अधिक सपेरा समुदाय समेत अन्य आवासविहीन परिवारों को आवासीय पट्टे के आवंटन पत्र दिए गए।
जनसभा को संबोधित करते हुए श्री योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंचता था। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा में खलल डालने वालों को जेल भेजा जाएगा। पिछली सरकारों के कार्यकाल में दंगा, कर्फ्यू, गरीबों की जमीन पर कब्जा और महिलाओं की सुरक्षा जैसी समस्याएं थीं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश बदल चुका है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों के शासनकाल में दंगा और कर्फ्यू जैसी स्थितियां पैदा होती थीं तथा गरीबों की जमीन पर कब्जे और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सामने आती थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है तथा गरीबों, महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 16 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है और लोग आयुष्मान योजना का लाभ उठा रहे हैं।
राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिए गए बयान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मनुस्मृति और सनातन धर्मग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस देश के गौरवशाली इतिहास तथा सांस्कृतिक विरासत को समाप्त करना चाहते हैं।
योगी ने कहा कि कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को नकारती रही है, जबकि भाजपा भगवान राम के साथ महर्षि वाल्मीकि, माता शबरी और गोस्वामी तुलसीदास को भी प्रणाम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की संस्कृति और परंपराओं को नीचा दिखाने का काम करती रही है।
गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस संस्थानों और योजनाओं के नाम अपने परिवार के लोगों के नाम पर करती रही है। यदि कांग्रेस ने देश के स्वतंत्रता संग्राम के वास्तविक नायकों को सम्मान दिया होता तो राणा बेनी माधव बक्श सिंह और वीरा पासी के नाम पर संस्थान और सभागार पहले ही बन चुके होते।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राकेश सचान, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश सिंह, शासन-प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिले के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती