मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में विशेष पहल, लाभार्थियों को मिले आयुष्मान कार्ड
गोरखपुर। पिपराइच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के उनौला दोयम स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए और उनका वितरण किया गया। इस विशेष पहल में पंडित दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का भी सहयोग रहा।
मेले में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कुलपति प्रो. पूनम टंडन को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण कराया तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है।
जिला पंचायत सदस्य सुधा सिंह एवं उनके प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अस्पताल में सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार की मांग भी रखी।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, आवश्यक दवाओं का वितरण तथा पात्र बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रो. दिव्या रानी सिंह, अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मणि शेखर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत, डॉ. अभिषेक, बीसीपीएम विमलेश त्रिपाठी तथा आरोग्य मित्र साधना सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें