रक्षाबंधन पर बहनों की राह आसान करने को दौड़ेंगी अतिरिक्त बसें
लखनऊ, 12 अगस्त (वार्ता) रक्षाबंधन के मौके पर बहनों को भाइयों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है।परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन करने तथा परिवहन निगम की शत-प्रतिशत बसों को सड़क पर उतारने के निर्देश दिए हैं।
श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप रक्षाबंधन पर बहनों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन निगम को अधिकतम बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए इस दिशा में अतिरिक्त बस सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। यात्रियों की मांग के अनुसार लखनऊ, कानपुर सहित अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को यात्रियों की मांग के अनुरूप बस संचालन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली से अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वांचल की ओर बसों के संचालन में जरूरत के अनुसार मौजूदा प्रतिबंधों में छूट देने का प्रावधान किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की मांग के अनुरूप पर्याप्त बसें उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें लंबे समय तक बस का इंतजार न करना पड़े। सरकार ने बसों की संख्या बढ़ाने के साथ ही बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। सभी बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल तथा यात्री प्रतीक्षालयों में पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बसों के संचालन की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए 24 घंटे नियंत्रण कक्ष संचालित किया जाएगा। भीड़ वाले बस स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों की निरंतर मौजूदगी रहेगी और डिपो तथा क्षेत्रीय अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। रक्षाबंधन के दौरान परिवहन सेवाओं को सुचारु रखने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक रहेगी। लगातार सेवाएं देने वाले चालक-परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों को विशेष प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
छह दिनों में निर्धारित शर्तों के साथ 1,800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले पात्र चालक-परिचालकों को 1,200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा चालक-परिचालकों को 1,800 किलोमीटर से अधिक संचालन पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की अतिरिक्त राशि देने का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत चालक-परिचालकों की पात्रता सेवा के 64 प्रतिशत से अधिक भारांक से जुड़ी होगी। डिपो और क्षेत्रीय कार्यशालाओं में छह दिनों तक प्रतिदिन उपस्थित रहने वाले पात्र तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन दिया जाएगा।
चिन्हित बस स्टेशनों पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने वाले कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों के प्रोत्साहन के लिए 90 हजार रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है।
सरकार की इस विशेष व्यवस्था का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ के अनुरूप पर्याप्त बसें उपलब्ध कराना और बहनों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें