योगी सरकार का बड़ा ऐलान: सहायक आचार्य के 1,936 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, आवेदन शुरू
लखनऊ, 8 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में सहायक आचार्य के 1,936 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई।आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। सहायक आचार्य पद के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित शैक्षिक अर्हता और पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन करें।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया आठ सितंबर से शुरू हुई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि सात अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, ऑनलाइन आवेदन में संशोधन 11 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। सहायक आचार्य पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है।
आयोग की वेबसाइट पर भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दी गई शैक्षिक योग्यता, विषयवार पदों, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापित पदों की अर्हता और पात्रता के संबंध में व्यक्तिगत परामर्श उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम, परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर समय-समय पर जारी किए जाएंगे।
सहायक आचार्य के 1,936 पदों पर भर्ती से प्रदेश के अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों को योग्य शिक्षक मिलने के साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें