ग्रेटर नोएडा में विद्युत वाहन एक्सपो 2026 का शुभारंभ, 100 कंपनियां दिखा रहीं इलेक्ट्रिक वाहनों की नई तकनीक
ग्रेटर नोएडा 01 सितम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में मंगलवार से तीन दिवसीय विद्युत वाहन भारत एक्सपो 2026’ का शानदार शुभारंभ हुआ। 3 सितंबर तक चलने वाले इस एक्सपो में देश-विदेश की करीब 100 प्रमुख कंपनियां इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़ी अपनी नई तकनीक, वाहन और कंपोनेंट्स प्रदर्शित कर रही हैं। पहले ही दिन एक्सपो में बड़ी संख्या में बॉयर्स, डीलर्स, कारोबारी और आम विजिटर्स पहुंचे और इलेक्ट्रिक वाहनों की आधुनिक तकनीक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।एक्सपो संचालन अध्यक्ष द्वारा जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि, एक्सपो में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के बदलते स्वरूप की झलक देखने को मिल रही है। यहां आधुनिक इलेक्ट्रिक कारों, ई-स्कूटर, ई-लोडर और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न कंपोनेंट्स और तकनीकी समाधान भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कंपनियां अपने नए मॉडल, बेहतर बैटरी तकनीक, चार्जिंग से जुड़े समाधान और इलेक्ट्रिक वाहनों की उपयोगिता से संबंधित जानकारियां विजिटर्स को दे रही हैं।
विद्युत वाहन भारत एक्सपो का प्रमुख आकर्षण पर्यावरण के अनुकूल परिवहन और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देना है। इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रदूषण कम करने और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में पेश किया जा रहा है। प्रदर्शनी में कंपनियां ऐसे उत्पादों और तकनीकों को सामने ला रही हैं, जो भविष्य में पेट्रोल-डीजल आधारित वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद कर सकती हैं।
एक्सपो में वाहनों और तकनीकी उत्पादों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। खास तौर पर ई-स्कूटर और इलेक्ट्रिक लोडिंग वाहनों को लेकर कारोबारियों और संभावित खरीदारों में काफी दिलचस्पी दिखाई दे रही है। विजिटर्स वाहन की रेंज, बैटरी, चार्जिंग, क्षमता और व्यावसायिक उपयोग जैसी जानकारियां कंपनियों के प्रतिनिधियों से हासिल कर रहे हैं।
करीब 100 कंपनियों की भागीदारी वाला यह एक्सपो इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग से जुड़े निर्माताओं, कंपोनेंट कंपनियों, डीलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, खरीदारों और अन्य कारोबारी प्रतिनिधियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आया है। यहां कंपनियों को अपने उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित करने के साथ संभावित ग्राहकों और कारोबारी साझेदारों से सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है।
आयोजकों के मुताबिक, एक्सपो का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों और उनसे जुड़ी तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भारत में स्वच्छ, टिकाऊ और हरित परिवहन को प्रोत्साहित करना है। 3 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें