उप्र नीट यूजी-2026: दूसरे चरण की काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी, 21 से च्वाइस फिलिंग
लखनऊ, 20 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में नीट यूजी-2026 की दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीएमई) की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार अभ्यर्थी 21 सितंबर से 24 सितंबर तक एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की राज्य कोटे की सीटों के लिए ऑनलाइन विकल्प भर सकेंगे। सीट आवंटन का परिणाम 25 सितंबर को जारी किया जाएगा।
संशोधित कार्यक्रम के तहत दूसरे चरण की मेरिट सूची 21 सितंबर को जारी होगी। अभ्यर्थी इसी दिन अपराह्न दो बजे से 24 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे तक च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थी 26 सितंबर से एक अक्टूबर तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
यह काउंसलिंग प्रदेश के राजकीय एवं निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में संचालित एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की राज्य कोटे की सीटों के लिए आयोजित की जा रही है। महानिदेशालय ने स्पष्ट किया है कि सीटों का आवंटन दूसरे चरण की मेरिट सूची के आधार पर होगा। काउंसलिंग के लिए पहले से निर्धारित नियम और शर्तें लागू रहेंगी।
शासन ने स्पष्ट किया है कि प्रथम चरण की काउंसलिंग के माध्यम से सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में प्रवेश ले चुके अभ्यर्थियों का दाखिला यथावत रहेगा। इससे पहले चरण में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को राहत मिली है।
वहीं, चार राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विशेष आरक्षण व्यवस्था से जुड़े मामलों में इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में लंबित प्रकरणों को ध्यान में रखते हुए संबंधित न्यायालयों के निर्णयों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। इन कॉलेजों को दूसरे और आगामी चरणों की काउंसलिंग से फिलहाल बाहर रखा गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें