2027 में एकजुट होकर 2024 से बेहतर प्रदर्शन करना है : अखिलेश


लखनऊ, 1 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर 2024 के लोकसभा चुनाव से बेहतर प्रदर्शन करना है।

उन्होंने कहा कि जनता ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है। कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि समाजवादी समर्थक एक भी वोट कम न हो और एक भी वोट छूटने न पाए। भाजपा की साजिशों से सावधान रहें और इस बार किसी तरह का धोखा नहीं होना चाहिए।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन, अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है और वह भाजपा को सत्ता से हटाना चाहती है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अन्यायी शासन के खिलाफ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) एकजुट है और इसकी एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए प्रगतिशील और विकास की सोच वाला है। इसमें प्रेम, दया और अपनापन है। समाजवादी पार्टी सभी को साथ लेकर चलती और सबका सम्मान करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथों को मजबूत करने, जनता को पार्टी की योजनाओं की जानकारी देने और प्रेम व अपनत्व के व्यवहार से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील की।
उन्होंने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के साथ-साथ आरक्षण के लिए भी खतरा है। भाजपा शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुनाफाखोरी, कमीशनखोरी और बजट की लूट भाजपा सरकार का एजेंडा बन गया है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सरकारी संपत्तियों को कमीशन के लिए बेचने का काम किया है। उन्होंने जेपीएनआईसी, प्लासियो मॉल, किसान बाजार और छतर मंजिल का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने किसानों के लिए जो मंडियां विकसित की थीं, उन्हें भी बर्बाद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि किसान हर सीजन में खाद के लिए भटकने को मजबूर है। महंगाई से खेती की लागत बढ़ गई है, लेकिन किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। बिचौलिये किसानों की फसलों की लूट कर रहे हैं। भाजपा ने किसानों और नौजवानों के साथ धोखा किया है। सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लखनऊ के कैंसर संस्थान को ठीक से नहीं चला पा रही है। जिलों के मेडिकल कॉलेजों में इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के बड़ी संख्या में पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गोरखपुर और रायबरेली के एम्स को भी प्रभावी ढंग से नहीं चला पा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा और इसके लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं होगी। उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा और खेल समेत हर क्षेत्र को बेहतर बनाएगी। प्रदेश में खेल नीति बनाई जाएगी और खेलों के लिए विशेष कोष बनाया जाएगा। किसानों की सुविधाएं बढ़ाने के साथ किसानों और बुनकरों के हित में भी फैसले लिए जाएंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश