लखनऊ में आज भाजपा की अहम बैठक, कोर कमेटी में 2027 की तैयारियों पर मंथन

 


लखनऊ, 11 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शुक्रवार को संगठन स्तर पर अहम बैठकों का दौर रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मुख्यमंत्री आवास पर महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके बाद शाम को वह भाजपा प्रदेश मुख्यालय में होने वाली पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री आवास पर सुबह करीब 11 बजे होने वाली बैठक को लेकर पार्टी और सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। वहीं, शाम को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश भाजपा के कोर कमेटी के अन्य सदस्य शामिल होंगे।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, पार्टी के कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। हाल के दिनों में भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज की हैं। ऐसे में राष्ट्रीय नेतृत्व के वरिष्ठ पदाधिकारी के साथ प्रदेश के शीर्ष नेताओं की बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार बीएल संतोष अपने लखनऊ दौरे के दौरान पार्टी नेताओं के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इन मुलाकातों में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का भी हाल में उत्तर प्रदेश संगठन के साथ सक्रिय संवाद बढ़ा है। ऐसे में कोर कमेटी की बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश