भाजपा मुख्यालय में मैराथन बैठक खत्म, मिशन-2027 की रणनीति पर घंटों चला मंथन

 


लखनऊ, 12 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में मिशन-2027 को लेकर शनिवार को चली मैराथन बैठक समाप्त हो गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विपक्ष के नैरेटिव का प्रभावी ढंग से जवाब देने की रणनीति पर घंटों मंथन हुआ।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, स्वतंत्र देव सिंह और सूर्य प्रताप शाही समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में मिशन-2027 को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे।

चुनाव से पहले संगठन की सक्रियता बढ़ाने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को और सक्रिय करने तथा जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर चर्चा हुई। बैठक में विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों और बनाए जा रहे राजनीतिक नैरेटिव को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। पार्टी नेतृत्व ने विपक्ष के आरोपों और प्रचार का आक्रामक लेकिन तथ्यात्मक तरीके से जवाब देने पर जोर दिया। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर पार्टी के पक्ष को मजबूती से रखने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पार्टी स्तर पर कराए गए सर्वे और उससे सामने आए फीडबैक पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, संभावित चुनावी समीकरण और जनता के बीच पार्टी की स्थिति को लेकर प्राप्त रिपोर्टों की समीक्षा की गई। बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व का जोर अब संगठन, सरकार और चुनावी रणनीति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर है।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश