यूपी में मिशन-2027 की सफलता के लिए पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता: नवीन

 


सहारनपुर, 22 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियों का पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से मंगलवार को आगाज किया। उन्होंने पार्टी के मौजूदा एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनके मन की बात सुनी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सुझाव लिए।

श्री नवीन के समक्ष पार्टी के प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों ने सरकार, प्रशासन और संगठन के कामकाज को लेकर तीखी शिकायतें रखीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, अधिकारियों द्वारा उनकी बात नहीं सुने जाने और संगठन में समन्वय की कमी समेत कई मुद्दे उठाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और उन्हें नोट भी किया।
उन्होंने कहा कि यह पार्टी का अपना मंच है और यहां प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने तथा सुझाव देने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की अपनी सरकार है और विधानसभा चुनाव सामने हैं, इसलिए सभी को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी को फिर से चुनाव जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा।
उम्मीदवारों के चयन को लेकर दिए गए सुझावों पर श्री नवीन ने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं और सर्वे रिपोर्ट को पूरी तरह ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में कार्यकर्ताओं से मिले सुझावों पर वह दिल्ली जाकर विचार करेंगे और फिर उनके बीच आएंगे।
पार्टी के पिछले एक दशक के दौरान संगठन के प्रमुख पदों पर रहे नेताओं, मौजूदा सांसदों एवं विधायकों, जिलाध्यक्षों, जिला महामंत्रियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खुलकर संवाद किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सैनी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय महामंत्री रूपेंद्र सैनी और जिलाध्यक्ष अजित सिंह राणा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक क्षेत्र है। यहां 19 जिले और मुरादाबाद, मेरठ तथा सहारनपुर मंडल शामिल हैं। इस क्षेत्र में लोकसभा की 14 और विधानसभा की 71 सीटें हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेतृत्व का जोर बूथ स्तर से संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए सक्रिय करने पर है।
भाजपा के सामने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए अपना जनाधार मजबूत करने की चुनौती है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश की 80 में से 33 सीटों पर विजयी रही थी। इसी पृष्ठभूमि में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से अपने संगठनात्मक अभियान की शुरुआत की है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष इसके बाद प्रदेश के ब्रज, अवध, काशी, गोरखपुर, कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद करेंगे तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने पर जोर देंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश