अडानी डिफेन्स ने एके-203 राइफल के गोली-बारूद की आपूर्ति के लिए किया समझौता


नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) अडानी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस ने इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लि (आईआरआरपीएल) के साथ गोली-बारूद की आपूर्ति के लिए पांच वर्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

आईआरआरपीएल भारत-रूस संयुक्त उपक्रम है, जो भारत में एके-203 असॉल्ट राइफलों का निर्माण करता है।अडानी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस इन राइफलों के लिए 7.62गुना 39 मिमी छोटे-कैलिबर के गोली-बारूद का विनिर्माण एवं आपूर्ति करेगी। कंपनी ने भारत में स्मॉल-कैलिबर गोला-बारूद के निर्माण की क्षमताएं स्थापित की हैं, जिसमें कानपुर स्थित एक फैक्ट्री भी शामिल है जहां छोटे-कैलिबर के गोले-बारूद बनाए जाते हैं।
कंपनी ने कहा है कि यह समझौता छोटे हथियारों की पूरी आपूर्ति श्रृंखला में घरेलू क्षमताओं को और मजबूत करने वाला है तथा इससे रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर-भारत के प्रयासों में मदद मिलेगी। आईआरआरपीएल की स्थापना वर्ष 2019 में भारत-रूस अंतर-सरकारी समझौते के तहत भारतीय सशस्त्र बलों के लिए एके-203 असॉल्ट राइफलों के स्वदेशी निर्माण के उद्देश्य से की गई थी।
इसका कारखाना उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के कोरवा में है। इस संयुक्त उपक्रम में भारतीय कंपनी एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड और म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड तथा रूसी कंपनी कंसर्न कलाश्निकोव और रोसोबोरोनएक्सपोर्ट हिस्सेदार हैं।
दिसंबर 2021 में इस कंपनी के साथ कुल 614100 से कुछ अधिक संख्या में एके-203 रायफलों की आपूर्ति के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश