फूलपुर में पंचायत सचिव गबन में निलंबित बिना काम कराए 3 पंचायतों से 14 लाख निकले
प्रयागराज, दिनेश तिवारी) फूलपुर विकासखंड की तीन ग्राम पंचायतों में बिना काम कराए सरकारी पैसा निकालने के आरोप में ग्राम पंचायत अधिकारी स्मिता तृप्ति को निलंबित कर दिया गया है। करीब 14 लाख रुपये के गबन का आरोप है।
जिला पंचायत राज अधिकारी रविशंकर द्विवेदी ने निलंबन का आदेश जारी किया है। निलंबन के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी को जनपद मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग की ओर से पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। तय समय में जवाब नहीं मिलने के बाद कार्रवाई की गई। अब मामले की जांच कराई जा रही है। अधिकारी ने तीन ग्राम पंचायतों में बिना काम कराए अलग.अलग मदों से सरकारी रकम निकाल ली। तिसौरा ग्राम पंचायत से 3 लाख 43 हजार 200 रुपये निकाले जाने की बात सामने आई है।
इसी तरह लिलहट ग्राम पंचायत से 5 लाख 56 हजार 172 रुपये और कुतुबपट्टी उर्फ अहियापुर ग्राम पंचायत से 5 लाख 8 हजार 923 रुपये निकाले जाने का आरोप है। तीनों पंचायतों से निकाली गई रकम करीब 14 लाख 8 हजार रुपये है।
सरकारी रकम के इस्तेमाल को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी को कारण बताओ नोटिस दिया गया था। विभाग के मुताबिक तय समय में नोटिस का जवाब नहीं दिया गया, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन आदेश के बाद उन्हें जनपद मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग अब काम से जुड़े कागजों और निकाली गई रकम के इस्तेमाल की जांच करेगा। विभागीय जांच में यह देखा जाएगा कि तीनों ग्राम पंचायतों में किन कामों के नाम पर रकम निकाली गई और उसका इस्तेमाल कहां हुआ। जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें