योगी सरकार चलाएगी ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ अभियान
लखनऊ, 7 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 8 सितंबर को प्रदेश के सभी सह-स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों, बालवाटिकाओं और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ गतिविधि आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सुनने, समझने, संवाद करने, अपनी बात कहने, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के निर्देश पर आयोजित होने वाली इस गतिविधि में बालवाटिका स्तर पर कहानी को सीखने का सहज और आनंदमय माध्यम बनाया जाएगा।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार बच्चों की आयु के अनुरूप राज्य स्तर से उपलब्ध बड़ी पुस्तकों अथवा स्थानीय कहानियों का चयन किया जाएगा। कहानी के माध्यम से बच्चों को नैतिक संदेश देने के साथ ही उनसे कहानी से जुड़े खुले और बंद छोर वाले प्रश्न पूछे जाएंगे, ताकि वे अपनी सोच और कल्पना के आधार पर उत्तर दे सकें।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बालवाटिका की दैनिक योजना के अनुसार स्वागत और स्वतंत्र खेल गतिविधियों के बाद कहानी सत्र में यह आयोजन होगा। इसके बाद बच्चों को कहानी के आधार पर चित्र बनाने और चित्र के बारे में अपनी बात बताने का अवसर भी दिया जाएगा। बच्चों की तैयार सामग्री को सुरक्षित रखने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर रहेगा।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में भी कहानी वाचन, चर्चा, प्रश्नोत्तर और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्थानीय जरूरत के अनुसार नवाचारों को शामिल किया जाएगा। आसपास की बालवाटिकाओं के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अकादमिक संसाधन व्यक्तियों, बच्चों और अभिभावकों को भी इसमें शामिल किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में कहानी पढ़ने के बाद बच्चों के साथ संवाद और प्रश्नोत्तर किया जाएगा। बच्चों को कागज और रंग देकर कहानी से प्रेरित चित्र बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि उनके चित्रों को प्रदर्शित कर उनकी सराहना भी की जाएगी। सभी बालवाटिकाओं में गतिविधि सुनिश्चित करने के लिए प्रधानाध्यापकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित शिक्षण सहयोगियों की सहभागिता रहेगी।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत आधार देने के लिए सीखने को आनंद और रचनात्मकता से जोड़ रही है। ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ जैसी गतिविधियों से बच्चों में भाषा, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति का विकास होगा।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें