शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने कसे अफसरों के पेंच


गोरखपुर, 02 सितंबर (वार्ता) गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतपेटियों समेत निर्वाचन में इस्तेमाल होने वाली अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता और स्थिति की समीक्षा की जा रही है।

इसी क्रम में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार को मंडलायुक्त सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में गोरखपुर मंडल के देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जिलों के संबंधित अधिकारी जुड़े रहे।
मंडलायुक्त ने प्रत्येक जिले में निर्वाचन तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि मतपेटियों सहित निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाली सभी आवश्यक सामग्रियों का समय रहते परीक्षण करा लिया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने विशेष रूप से मतपेटियों की स्थिति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि सभी मतपेटियों की तेल-सफाई, आवश्यक मरम्मत और रखरखाव का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। खराब अथवा मरम्मत योग्य मतपेटियों की तत्काल पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। मतपेटियों को सुरक्षित स्थान पर रखने, उनकी स्थिति का सत्यापन करने तथा आवश्यकता के अनुसार उनकी मरम्मत और सफाई की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तैयारियों को अंतिम समय तक न टालते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में मतपेटियों एवं अन्य निर्वाचन व्यवस्थाओं की स्थिति से मंडलायुक्त को अवगत कराया। मंडलायुक्त ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों और निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश