बसपा ने संगठन को तीन सेक्टर में बांटा, मायावती ने की बाढ़-बारिश पीड़ितों की मदद की अपील
लखनऊ, 27 सितंबर (वार्ता)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने रविवार को पार्टी संगठन को तीन सेक्टर में बांटने की घोषणा की और भारी वर्षा, आंधी-तूफान से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की।
सुश्री मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न भागों में भारी वर्षा, आंधी-तूफान के कारण जनता काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसी कुदरती विकट हालात में संबंधित सभी राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर पूरी-पूरी मदद करनी चाहिए, बसपा की यह मांग है। महाराष्ट्र के काफी इलाकों में सूखे की मार झेल रहे लोगों और किसानों को राज्य सरकार जमीनी स्तर पर फौरी राहत दे।
उन्होंने कहा कि देश में बीएसपी संगठन को तैयार करने व सर्वसमाज में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए संगठन को तीन सेक्टर में बांटा गया है। सेक्टर नंबर-1 में 10 राज्य आते हैं, जिनको राज्यसभा सांसद श्री रामजी गौतम व श्री सुरेश राव दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर देख रहे हैं।
सेक्टर नंबर-2 में 9 राज्य आते हैं, जिनको पूर्व राज्यसभा सांसद श्री राजाराम व पूर्व विधायक श्री अतरसिंह राव दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर देख रहे हैं।
सेक्टर नंबर-3 में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड आते हैं, जिनको लखनऊ पार्टी केंद्रीय कैम्प कार्यालय 9 मॉल एवेन्यू द्वारा सीधा देखा जा रहा है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि सेक्टर 1 व सेक्टर 2 के चारों केंद्रीय सेक्टर प्रभारियों से अपील है कि वे अपने-अपने सेक्टर के अंतर्गत जहां-जहां भारी वर्षा व तूफान से तबाही मची है, वहां पार्टी के लोग अपनी सामर्थ्य के हिसाब से मदद जरूर करें। लेकिन इसके लिए कोई अलग से धन इकट्ठा नहीं करना है, ताकि इसकी आड़ में कोई नाजायज फायदा न उठा सके।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ज्यादा प्रभावित प्रदेशों में बीएसपी के राष्ट्रीय प्रभारी श्री ईशान आनन्द को भी भेज सकती हैं।
मायावती ने कहा कि सेक्टर 3 के दोनों राज्यों पर उनकी खुद पैनी नजर है और वह खुद भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकती हैं। केंद्र सरकार से भी अनुरोध है कि वह ज्यादा प्रभावित राज्यों की सरकारों की समय से पूरी-पूरी मदद करे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें