योगी आदित्यनाथ ने शिव महापुराण कथा का श्रवण किया

 


रायबरेली, 13 सितम्बर (वार्ता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को रायबरेली के ऊंचाहार के चडरई चौराहे के समीप चल रही शिव महापुराण कथा में पहुंचकर कथा का श्रवण किया। कथा का वाचन पं. प्रदीप मिश्रा कर रहे हैं और मुख्य यजमान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय हैं। व्यास गद्दी पर विराजमान पं. प्रदीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर वस्त्र प्रसाद स्वरूप भेंट किया। इसके बाद मनोज पांडेय ने सपरिवार मुख्यमंत्री को गंगाजल और शिव प्रतिमा भेंट की।

मुख्यमंत्री ने राम, कृष्ण और गंगा को नमन करते हुए 'नमः पार्वती पतये, हर हर महादेव' का उद्घोष किया तथा व्यास गद्दी पर विराजमान पं. प्रदीप मिश्रा, प्रभारी मंत्री राकेश सचान, विधायक अशोक कोरी समेत उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि जिसे ईश्वर की भक्ति मिल गई, उसे सब कुछ मिल गया। अवध क्षेत्र राम और कृष्ण दोनों की जन्मभूमि है और राम की भक्ति ने हनुमान को सर्वपूज्य बना दिया। इसी प्रकार शिव की भक्ति उत्तर से दक्षिण तक व्याप्त है। उन्होंने पं. प्रदीप मिश्रा की कथा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें भक्ति के साथ उसकी शक्ति भी है और शिव कथा कण-कण में शिव का अहसास कराती है। शिव लोकमंगल के देवता हैं, जो नकारात्मक शक्तियों और विकारों को दूर करते हुए संसार का विष अपने कंठ में धारण करते हैं।

योगी ने कहा कि कथा सकारात्मक वातावरण तैयार करती है और भारत ने धर्म को अपनी जीवन शक्ति तथा संस्कारों से जोड़े रखा, जिसके कारण आक्रांताओं के दौर में भी देश की संस्कृति अक्षुण्ण रही। उन्होंने तुलसीदास का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब अकबर ने उन्हें अपने दरबार के नवरत्नों में शामिल होने का निमंत्रण दिया तो तुलसीदास ने कहा था कि उनका राजा केवल राम हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश को ज्ञान और धर्म की धरती बताते हुए नैमिषारण्य और प्रयाग का उल्लेख किया तथा कहा कि ऊंचाहार के लोग सौभाग्यशाली हैं कि उन्होंने मनोज पांडेय को अपना विधायक चुना, जिन्होंने क्षेत्र की विरासत और विकास दोनों को संभाला है।

इस दौरान मुख्यमंत्री पूरे मनोयोग से कथा सुनते रहे और शिव के जयकारे के बीच हाथ उठाकर श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए। कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शिव आशुतोष हैं और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवों के देव महादेव हैं, जो संसार का हलाहल विष अपने कंठ में धारण कर लेते हैं और भक्तों के एक लोटा जल से भी प्रसन्न हो जाते हैं। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने मुख्यमंत्री के आगमन को ऊंचाहार के लिए सौभाग्य बताते हुए कहा कि प्रदेश को विकास की धारा से जोड़ने के बाद यदि ऊंचाहार पर भी मुख्यमंत्री का आशीर्वाद हो जाए तो क्षेत्र के विकास की गति और बढ़ जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश