मस्जिदों को अवैध बताकर कार्रवाई का अभियान ठीक नहीं, सरकार तत्काल रोके : मायावती


लखनऊ, 5 सितंबर (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में मस्जिदों समेत धार्मिक स्थलों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि जिला सहारनपुर की मस्जिद सहित पूरे प्रदेश में आबाद मस्जिदों को कथित तौर पर अवैध बताकर उन्हें ध्वस्त करने का जो सरकारी अभियान चल रहा है, वह उचित नहीं है। सरकार को ऐसे नकारात्मक हालात से बचने के लिए इस पर तत्काल रोक लगाकर समाधान के अन्य उपाय करने चाहिए।
मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में कहा कि संवैधानिक और धर्मनिरपेक्ष सरकार की जिम्मेदारी सभी धर्मों को मानने वाले लोगों तथा उनके धार्मिक स्थलों का समान रूप से आदर-सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि इस्लाम मजहब में मस्जिदें हर दिन इबादत और दिन में कई बार जमात के साथ नमाज पढ़ने का प्रमुख एवं अभिन्न हिस्सा हैं। इसलिए भारतीय परंपरा के अनुरूप इनका सम्मान करना देश और व्यापक जनहित में जरूरी है। बसपा प्रमुख ने कहा कि नियम-कानून का समुचित अनुपालन किए बिना किसी भी अभियुक्त का मकान ध्वस्त कर उसके पूरे परिवार को सामूहिक रूप से सजा देकर बेघर करने की कार्रवाई से लोग काफी विचलित हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में बसपा सरकार की तरह ‘कानून द्वारा कानून का राज’ वाला व्यवहार किया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि न्यायालय को भी समुचित ध्यान देना चाहिए। हालांकि, मौजूदा हालात में सभी लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील करते हुए मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी भी यही चाहती है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश