सपा की सरकार बनने पर अयोध्या को बनाएंगे विश्व स्तरीय शहर : अखिलेश


सहारनपुर, 2 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भरोसा जताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी के गठबंधन वाली सरकार भारी बहुमत के साथ बनेगी और अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में काम किया जायेगा।

अपने संक्षिप्त दौरे के दौरान श्री यादव ने आज दोपहर यहां स्टेट बैंक कालोनी में सपा के राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी रूद्रसेन और उनके भाई चौधरी इंद्रसेन के आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आने वाली सपा गठबंधन सरकार प्रदेश को मौजूदा सरकार द्वारा की गयी दुर्दशा से उबारने का काम करेगी। पार्टी चुनावी घोषणा पत्र में जो जो वादे करेगी उन सबको पूरा किया जायेगा।
श्री यादव निजी विमान से लखनऊ से करीब 12 बजे सरसावा हवाई अड्डे पर उतरे। उनके साथ सांसद इकरा हसन, योजना आयोग के पूर्व सदस्य प्रोफेसर डा. सुधीर पंवार, विधायक आशु मलिक, सपा के राष्ट्रीय सचिव अंकुर शर्मा साथ आये थे। यहां पहुंचते ही उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर में पूजा करने के दौरान सांसद इकरा हसन, विधायक आशु मलिक और शायान मसूद उनकी कार में ही बैठे रहे। इकरा हसन अखिलेश के साथ मंदिर जाना चाहती थी लेकिन अखिलेश ने ही उनको रोक दिया। उन्होंने बताया कि हमने इकरा हसन के लिए भगवान शिव से इनकी सदैव सफलता और इनके परिवार की खुशहाली की दुआ मांगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि अब वह सहारनपुर में रैली विधानसभा चुनाव के दौरान ही करेंगे। उन्होंने अग्निवीर योजना खत्म कर सेना में पक्की नौकरी दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गंगा एक्सप्रेस समेत सभी एक्सप्रेसवे के निर्माण में भारी लूट-खसोट और साठ फीसद की कमीशनखोरी के चलते गुणवत्ता से खिलवाड़ हुआ और सभी प्रमुख एक्सप्रेसवे में गहरे-गहरे गड्ढ़े बने हुए हैं।
उन्होंने भाजपाइयों को सुझाव दिया कि यदि गंगा मईया उन्हें बुलाती है तो वे गंगा एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल बिल्कुल ना करें। अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेट्रोल में इथोनोल की मिलावट, गन्ना किसानों की समस्याएं उठाई। पार्टी में गुटबंदी के बावत पूछे गए सवाल पर उन्होने कहा कि यह आंतरिक लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी से जुड़ा मामला है और यह राजनीति का सदैव ही अभिन्न हिस्सा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने पर उनकी सरकार अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर बनाएगी। उन्होंने अयोध्या के राममंदिर में दान और चंदा चोरी को आस्था और विश्वास पर गहरी चोट बताते हुए कहा कि छोटे लोगों को जेल भेज दिया गया और जो बड़े-बड़े लोग इसमें शामिल थे उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर कैंसर की बीमारी फैल रही है। इसके कारणों का अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है। उनकी सरकार बनने पर सहारनपुर के राजकीय मेडिकल कालेज में उच्च स्तरीय कैंसर अनुसंधान और उपचार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में सहारनपुर के लिए अलग से मैनीफेस्टो बनाया जाएगा और सरकार आने पर वो तमाम सुविधाएं यहां के लोगों को दी जाएंगी। उन्होंने ग्रामीण जल व्यवस्था की दुर्दशा पर कहा कि गांव में अनेक वाटर हैड टैंक ध्वस्त हो गए हैं और गांव में पानी की निकासी की कोई भी व्यवस्था नहीं है।
अखिलेश यादव ने अयोध्या में राममंदिर के दर्शन अभी तक नहीं करने संबंधी सवाल को टाल दिया। उन्होने कहा कि वह अपने इलाके में भव्य शिवमंदिर का निर्माण करा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कल सहारनपुर में आ रहे रालोद नेता जयंत चौधरी, सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पर कुछ नहीं कहा। अखिलेश यादव पूर्व सांसद फजर्लुरहमान कुरैशी के आवास पर भी गए। वहां पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश