कजरी महोत्सव में बिखरे लोक संस्कृति के रंग, मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति ने बांधा समां


गोरखपुर, 28 सितम्बर 26 । जनपद में लोक संस्कृति एवं पारंपरिक लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से संस्कृति विभाग के तत्वाधान में आज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह कजरी महोत्सव का आयोजन किया गया। कजरी महोत्सव का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश राजकुमार सिंह तथा प्रख्यात गायिका मालिनी अवस्थी ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव के दौरान लोक कलाकारों द्वारा कजरी गायन एवं लोक संगीत की विभिन्न प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही। उनके द्वारा कजरी एवं लोकगीतों की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं। उनकी सुमधुर प्रस्तुतियों ने महोत्सव में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक लोकधुनों और कजरी गायन के माध्यम से उन्होंने पूर्वांचल की समृद्ध लोक सांस्कृतिक परंपरा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जौनपुर से आये गायक राजकुमार तिवारी, गोरखपुर की गायिका इंदु गुप्ता तथा सविता त्रिपाठी ने भी अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति एवं पारंपरिक संगीत की समृद्ध विरासत को जीवंत किया। कजरी प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कलाकारों का करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया। महोत्सव के दौरान पूरा परिसर लोकगीतों एवं संगीत की मधुर स्वर लहरियों से गुंजायमान रहा।     


उल्लेखनीय है कि कजरी पूर्वांचल की महत्वपूर्ण लोक गायन परंपरा है, जिसका संरक्षण एवं संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से लोक कलाकारों को प्रोत्साहन एवं मंच उपलब्ध कराने के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराने का कार्य किया जा रहा है। महोत्सव के सफल आयोजन में संबंधित विभागों एवं आयोजक संस्था द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, लोक कलाकार, संस्कृति प्रेमी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश