प्रयागराज में छात्रसंघ बहाली को लेकर पोस्टर वारर
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) पूर्व के ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ की बहाली का मुद्दा एक बार फिर तेज हो गया है। बुधवार सुबह लक्ष्मी चौराहे, मेयोहॉल चौराहे और महिला छात्रावास के सामने छात्रसंघ बहाली को लेकर पोस्टर लगाए गए।
पोस्टरों के जरिए सरकार से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर सवाल किया गया। इनमें लिखा था। " यूपी में छात्रसंघ पर ताला, दिल्ली में जीत पर माला" और यूपी में छात्रसंघ चुनाव कब बहाल होंगे।
एनएसयूआई यूपी के प्रदेश महासचिव और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रनेता आदर्श सिंह भदौरिया ने कहा, अब छात्रसंघ बहाली के सवाल को विश्वविद्यालय परिसर से बाहर शहर के प्रमुख चौराहों तक ले जाया जा रहा है। चौराहों पर लगाए गए पोस्टरों के जरिए सरकार से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार को लेकर सवाल किया जा रहा है।
दिसंबर 2025 में एनएसयूआई समाजवादी छात्र सभा, एसएफआई और दिशा छात्र संगठन समेत कई संगठनों ने संयुक्त महापंचायत की थी। इसमें छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने के लिए चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया गया था। आदर्श भदौरिया समेत कई छात्र नेताओं ने भी इसमें हिस्सा लिया था।
वर्ष 2026 में शहर के प्रमुख चौराहों पर पोस्टर लगाकर एक बार फिर छात्रसंघ बहाली की मांग उठाई गई है। छात्र संगठन इस मुद्दे को विश्वविद्यालय परिसर से बाहर लाकर सार्वजनिक चर्चा में बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की व्यवस्था 2019 में खत्म कर दी गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 96 साल पुराने छात्रसंघ की जगह छात्र परिषद व्यवस्था लागू करने का फैसला किया था। इसमें सीधे चुनाव के बजाय कक्षा प्रतिनिधियों के जरिए छात्र परिषद के पदाधिकारियों के चुनाव की व्यवस्था की गई। प्रशासन ने इसके पीछे लिंगदोह समिति की सिफारिशों का हवाला दिया था।
इसके बाद छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर लगातार आंदोलन होते रहे। सितंबर 2024 में छात्रों ने छात्रसंघ भवन से कुलपति कार्यालय तक दंडवत मार्च निकाला था। अक्टूबर 2024 में एक छात्र ने छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर मुंडन कराकर विरोध जताया था।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें