जजों को पूछताछ काउंटर के क्लर्क की तरह करना पड़ रहा है: उच्च न्यायालय


यह तल्ख टिप्पणी न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय और न्यायमूर्ति पदम नारायण मिश्रा की खंडपीठ ने 2023 की दो आपराधिक अपीलों की सुनवाई के दौरान की।


प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने आपराधिक अपीलों में पेपर बुक उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर बार.बार सुनवाई टालने की मांग पर नाराजगी जताते हुए कहा जजों को न्यायिक कामकाज के बजाय पूछताछ काउंटर के क्लर्क की तरह काम करना पड़ रहा है। 

         न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय और न्यायमूर्ति पदम नारायण मिश्रा की खंडपीठ ने 2023 की दो आपराधिक अपीलों की सुनवाई के दौरान यह तल्ख टिप्पड़ी की। न्यायालय ने कहा कि सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करीब 80 प्रतिशत आपराधिक अपीलों में अपीलकर्ताओं के वकील पेपर बुक नहीं मिलने या उसके तैयार होने की जानकारी नहीं होने का हवाला देकर स्थगन मांगते हैं। सुनवाई से पहले यह पता लगाना पड़ रहा है कि पेपर बुक तैयार हुई या नहीं।

        मामले में दोनों अपीलें 21 जुलाई को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थीं। तब तक उनके पेपर बुक तैयार हो चुके थे। पांच अगस्त को सुनवाई के दौरान अपीलकर्ता के अधिवक्ता ने पेपर बुक नहीं मिलने की बात कहते हुए स्थगन मांगा। न्यायालय ने बताया कि पेपर बुक 21 जुलाई को ही तैयार हो गया था। इस पर अधिवक्ता ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी।

          खंडपीठ ने कहा कि वह इस पहलू पर कोई अंतिम टिप्पणी नहीं कर रही है, लेकिन पेपर बुक तैयार होने की जानकारी न होने की दलील सुनवाई टालने का महज बहाना प्रतीत होती है। कई आपराधिक अपीलों में पेपर बुक तीन.चार साल पहले तैयार हो चुकी होती हैं, फिर भी बाद में उनके उपलब्ध न होने का हवाला दिया जाता है।

   न्यायालय हाईकोर्ट प्रशासन को सुझाव दिया कि हर सप्ताह उन आपराधिक अपीलों की सूची वेबसाइट या अन्य उचित माध्यम से प्रकाशित की जाए जिनकी पेपर बुक तैयार हो चुकी हैं। वकीलों को पेपर बुक प्राप्त करने के लिए पर्याप्त समय देने के बाद ही इन मामलों को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए। न्यायालय ने कहा कि इस व्यवस्था से अदालत अपीलों का गुण.दोष के आधार पर फैसला कर सकेगी और अदालत के समय की भारी बर्बादी को रोका जा सकेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें