किसान खुशहाल होगा तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी : अखिलेश
लखनऊ, 30 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि किसान खुशहाल होगा तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। किसान पूरे देश का पेट भरता है और उसके आगे बढ़ने से ही देश आगे बढ़ेगा।सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित किसान सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों की आवाज उठाई और उनके हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। उन्होंने कहा कि श्री चरण सिंह ने किसानों की लड़ाई लड़ी और उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसान परेशान हैं। उन्हें समय पर खाद, बीज, कीटनाशक और पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है। खेती में इस्तेमाल होने वाली मशीनों पर भी जीएसटी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर किसानों को खाद, बीज, पानी, सस्ती कीटनाशक दवाएं और कृषि मशीनों की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने नैनो यूरिया को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों पर इसे खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि सरकार चीनी और पेट्रोल में इथेनॉल के मिश्रण से मुनाफा कमा रही है, लेकिन सवाल यह है कि इसका लाभ किसानों को क्यों नहीं मिल रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हरा रंग हरियाली और किसानों की खुशहाली का प्रतीक है और समाजवादी पार्टी का झंडा हरे तथा लाल रंग से बना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के हित में काम करती रही है। सपा सरकार बनने पर किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने के साथ विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में दलहन, तिलहन, गेहूं, धान, गन्ना और आलू सहित विभिन्न फसलों तथा दूध के उत्पादन में किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर डेयरी स्थापित की जाएंगी।
श्री यादव ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में मुजफ्फरनगर में बिजली फीडर का पृथक्करण किया गया था, जिससे किसानों को खेती के लिए अलग बिजली उपलब्ध होती थी और सिंचाई की व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सपा शासनकाल में शुरू किए गए बिजली संयंत्रों को पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर नए बिजली संयंत्र स्थापित किए जाएंगे और किसानों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। सिंचाई मुफ्त करने तथा गन्ना किसानों को 24 से 48 घंटे में भुगतान सुनिश्चित करने का भी उन्होंने वादा किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी सपा की प्राथमिकता होगी।
बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि हाल में धान, गन्ना और दलहनी फसलों को भारी क्षति हुई है, लेकिन सरकार की ओर से किसानों को अपेक्षित मदद नहीं मिली। उन्होंने राज्य सरकार से फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग की।
श्री यादव ने प्रदेश में बाढ़ और जलभराव की स्थिति के लिए सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नदियों में सिल्ट जमा होने से उनकी गहराई कम हो रही है और पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। सरकार को नदियों की नियमित डिसिल्टिंग करानी चाहिए।
उन्होंने लखनऊ में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बंधों का निर्माण बाढ़ रोकने के लिए किया जाता है, लेकिन उनकी कथित गलत डिजाइन के कारण शहर में जलभराव की स्थिति पैदा हुई। उन्होंने गोमती रिवरफ्रंट का उल्लेख करते हुए कहा कि एक तरफ पानी नहीं भरा, जबकि दूसरी ओर जलभराव की स्थिति बनी रही।
सपा अध्यक्ष ने गोरखपुर में बाढ़ और जलभराव का मुद्दा उठाते हुए इसके लिए भी राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सरकार को बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान तलाशना चाहिए।
इस अवसर पर श्री यादव ने किसान सम्मेलन में शामिल हुए बड़ी संख्या में बुजुर्ग, मेहनती और ईमानदार किसानों का आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें