मोदी और शेख खालिद का भारत-यूएई साझेदारी तथा ब्रिक्स सहयोग मजबूत करने पर जोर
नई दिल्ली, 12 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद से मुलाकात की और इस दौरान उन्होंने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा ब्रिक्स में साझा हितों पर मिलकर काम जारी रखने पर जोर दिया।दोनों नेताओं ने भारत और यूएई के मजबूत राजनीतिक, सांस्कृतिक, कारोबारी, ऊर्जा और जनसंपर्क संबंधों के महत्व को दोहराया। उन्होंने इस वर्ष जनवरी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की भारत यात्रा और मई में प्रधानमंत्री मोदी की यूएई यात्रा को सफल बताया।
उन्होंने यूएई के नए संप्रभु निवेश कोष ल'इमाद की भारत-यूएई साझेदारी को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका की संभावना पर भी चर्चा की। उन्होंने रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे रणनीतिक और उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी विचार किया।
प्रधानमंत्री ने भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स में यूएई की सक्रिय और रचनात्मक भागीदारी की सराहना की। दोनों नेताओं ने भारत की अध्यक्षता के दौरान ब्रिक्स में हुए सकारात्मक परिणामों का स्वागत किया। उन्होंने साझा हितों और प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने तथा ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करने के लिए मंच पर मिलकर काम जारी रखने पर सहमति जताई।
दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने यूएई की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी की ओर से ओडिशा में 11.5 अरब डॉलर के एकीकृत ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम प्रोजेक्ट में निवेश की घोषणा का स्वागत किया। इसे भारत का सबसे बड़ा एकीकृत एल्युमिनियम निवेश बताया गया। इस परियोजना से ओडिशा के वैश्विक एल्युमिनियम विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने की उम्मीद है।
इस मुलाकात ने भारत और यूएई के बीच नियमित उच्चस्तरीय संपर्क की परंपरा और दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने वाली गति का भी उल्लेख किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें