ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ग्रेडेड प्वाइंट सिस्टम पर विचार, चालक की हर गलती पर कटेंगे अंक
नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) सरकार ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ग्रेडेड प्वाइंट सिस्टम पर विचार कर रही है जिसके तहत चालक की हर गलती पर उसके अंक कटेंगे और एक तय सीमा से कम अंक होने पर लाइसेंस के निलंबन या उसे रद्द करने का भी प्रावधान होगा।केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने यहां वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के 66वें वार्षिक अधिवेशन में एक परिचर्चा के दौरान कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाएं देश के सामने एक बड़ी समस्या हैं। देश में हर साल करीब पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें लगभग 1.20 लाख लोगों की जान चली जाती है। उन्होंने कहा कि चालक का व्यवहार इसमें एक बहुत बड़ी समस्या है। इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, "मेरा मंत्रालय ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्रों में ग्रेडेड पॉइंट सिस्टम लागू करने की योजना बना रहा है।"
श्री गडकरी ने बताया कि हर यातायात उल्लंघन पर ड्राइविंग लाइसेंस से कुछ अंक काटे जाएंगे। जब अंक एक निर्धारित सीमा से नीचे रह जाएंगे, तो ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित किया जा सकता है और आगे चलकर उसे रद्द भी किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लगातार गलतियां करने वालों को यह कहकर नहीं छोड़ा जा सकता कि वे गलतियों से सीख रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमें कहीं न कहीं उन लोगों को हतोत्साहित करना होगा, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य और जनसुरक्षा (को नुकसान) के लिए जिम्मेदार हैं।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस नीति के पीछे मूल सिद्धांत यही है कि जिन लोगों का ड्राइविंग रिकॉर्ड अच्छा होगा, उन्हें बीमा कंपनियों या अन्य संस्थाओं की ओर से प्रोत्साहन और दूसरे लाभ दिये जा सकते हैं। वहीं, जो लोग बार-बार और आदतन यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनके लिए दंड का प्रावधान होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें