यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र तय करने का कार्यक्रम बदला
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ( यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा.2027 के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की समय.सारिणी में बदलाव किया गया है।
अब परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 27 नवंबर 2026 को जारी होगी। पहले के कार्यक्रम के मुकाबले केंद्र निर्धारण की पूरी प्रक्रिया करीब एक महीने आगे बढ़ गई है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 25 सितंबर को संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसमें स्कूलों के सत्यापन से लेकर परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करने तक की तारीखें बदल दी गई हैं। बोर्ड ने बताया है कि बाकी प्रक्रिया पहले की तरह ही रहेगी।
नए कार्यक्रम के अनुसार, स्कूलों के भौतिक सत्यापन के बाद तहसील स्तरीय समिति की रिपोर्ट अब 12 अक्टूबर तक ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन प्रक्रिया से चुने गए संभावित परीक्षा केंद्रों की सूची 22 अक्टूबर को वेबसाइट पर जारी होगी। वहीं, परीक्षा केंद्र बनने के लिए अयोग्य या डिबार किए गए स्कूलों की सूची 23 अक्टूबर को जारी की जाएगी।
संभावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के बाद छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक भी अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए अब 28 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। पहले आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 28 सितंबर थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक आपत्तियों की जांच कर उन्हें जनपदीय समिति के सामने रखेंगे। समिति की संस्तुति 6 नवंबर तक भेजी जाएगी। इसके बाद 16 नवंबर को संशोधित परीक्षा केंद्रों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
इसके बाद भी यदि किसी छात्र, अभिभावक या स्कूल को परीक्षा केंद्र की दूरी या केंद्र की क्षमता को लेकर आपत्ति है, तो वह 21 नवंबर तक अपनी बात रख सकेगा। इन आपत्तियों के निपटारे के बाद 27 नवंबर को विद्यालयवार छात्र आवंटन के साथ परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
शासन ने अधिकारियों को संशोधित समय.सारिणी के अनुसार पूरी प्रक्रिया समय से पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया ऑनलाइन होने से स्कूलों और छात्रों को वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें