एनडीए में किसी प्रकार का मतभेद नही: अनुप्रिया पटेल
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर दावा किया है कि एनडीए में किसी तरह का मतभेद नहीं है। सूबे में एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है और 2027 में गठबंधन की हैट्रिक लगना सुनिश्चित है।
उन्होंने शनिवार को आयोजित सामान्य कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटी है और एनडीए के सभी घटक दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को मिले जनसमर्थन से अधिक 2027 में गठबंधन को समर्थन मिलने की उम्मीद है।
अपना दल (एस) की पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि प्रयागराज अपना दल के संगठन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जिला है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।’
एनडीए में किसी तरह की नाराजगी या मतभेद से इनकार करते हुए अनुप्रिया पटेल ने गठबंधन की तुलना पांच उंगलियों से की। उन्होंने कहा कि एनडीए में पांच साथी दल हैं और ये पांचों दल एक मुट्ठी की तरह मजबूती से एकजुट हैं।’
उन्होंने कहा कि सभी घटक दल इस समय पूरे उत्तर प्रदेश में अपने.अपने संगठन को मजबूत करने में लगे हैं। चुनाव के दौरान अपना दल समेत एनडीए के किसी भी साथी दल का प्रत्याशी मैदान में होगा गठबंधन के कार्यकर्ता उसकी जीत के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।
सीट बंटवारे के सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अभी एनडीए परिवार में इसको लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की प्राथमिकता उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ना है।’
उन्होंने कहा कि हर विधानसभा सीट के जातीय और स्थानीय समीकरण अलग होते हैं। किस सीट पर किस साथी दल को प्रत्याशी उतारने से जीत की संभावना मजबूत होगी, इन सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद सीटों का बंटवारा तय किया जाएगा। सीटों का फैसला समय आने पर सभी साथी दलों की सहमति से होगा। उन्होंने साफ किया कि सीट बंटवारे को लेकर अभी किसी तरह का मतभेद नहीं है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें