स्विगी ने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के लिए समर्पित हेल्पलाइन शुरू की
नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) ऑन-लाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने सोमवार को बेहतर कस्टमर सपोर्ट के लिए दो समर्पित सुविधाएं शुरू करने की घोषणा की।कंपनी ने बताया कि चौबीसों घंटे चलने वाली एक समर्पित हेल्पलाइन की शुरुआत की गयी है। ग्राहक 7948231850 पर कॉल करके अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी ने अपने ऐप में हेल्प सेक्शन के भीतर एक समर्पित 'फूड सेफ्टी' चैनल भी पेश किया है। ऐप में इस समर्पित सेक्शन के जरिए ग्राहक एक संक्षिप्त संदेश के माध्यम से अपनी शिकायत साझा कर सकते हैं और संबंधित तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं। ग्राहकों को अपनी शिकायत की स्थिति जानने के लिए एक टिकट नंबर मिलेगा। खाद्य सुरक्षा से जुड़ी चिंता दर्ज कराने के लिए समर्पित हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले ग्राहकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक लिंक भी मिलेगा। ग्राहक अपनी शिकायत से संबंधित अतिरिक्त जानकारी और तस्वीरें साझा कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर और ऐप से मिली शिकायतों की स्विगी फूड सेफ्टी एश्योरेंस टीम प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी। स्विगी फूड मार्केटप्लेस के मुख्य कारोबार अधिकार सिद्धार्थ भाकू ने कहा, “ हम खाद्य सुरक्षा को लेकर अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स के साथ लगातार मिलकर काम कर रहे हैं। दूसरी ओर हम उन तरीकों को भी मजबूत कर रहे हैं जिनके जरिये ग्राहक अपनी किसी भी चिंता को उठा सकते हैं। ग्राहकों का फीडबैक हमेशा से हमारे काम करने के तरीके का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। ये अतिरिक्त माध्यम किसी भी कमी को पहचानने और उसे दूर करने में और मदद करेंगे।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें