दिव्यांगजनों को स्वावलंबन और सम्मान के साथ मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प : योगी

 


लखनऊ, 30 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दिव्यांगजनों को स्वावलंबन, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना डबल इंजन सरकार का संकल्प है।

योगी ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ की पावन तपोभूमि गोरखपुर में 509 दिव्यांगजनों को 664 सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इनके माध्यम से उन्हें अपनी आवश्यक गतिविधियों को अधिक सहजता से पूरा करने में सहायता मिलेगी और उनके आत्मविश्वास को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल दिव्यांगजनों को सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनकी क्षमताओं को विकसित करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और समाज की विकास यात्रा का सक्रिय सहभागी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में अपनी विशिष्ट क्षमता और प्रतिभा होती है तथा अवसर और आवश्यक सहयोग मिलने पर दिव्यांगजन भी समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकार और सुविधाओं को लेकर संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। सहायक उपकरणों का वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की प्रक्रिया तभी सार्थक होगी, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को उसमें समान अवसर और भागीदारी मिले। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें