विपक्षी दलों पर बरसे योगी, बोले- हम राम-कृष्ण के भक्त, बाबर-औरंगजेब के अनुयायी समाज में घोल रहे हैं जहर


मथुरा, 04 सितंबर (वार्ता) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। श्री योगी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी पर विश्वास करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिनकी आस्था बाबर और औरंगजेब में है, क्या वे जनता की आस्था का सम्मान कर पाएंगे?

अयोध्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1528 में विदेशी आक्रांताओं ने हमारी आस्था को समाप्त करने का प्रयास किया था। जो लोग खुद को अविजित समझते थे, आज उनका वजूद खत्म हो चुका है। जिन लोगों को यह बदलाव रास नहीं आ रहा, वे अब अयोध्या को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगमाया के प्रति अटूट आस्था का ही परिणाम है कि आज विंध्यवासिनी धाम का भव्य कायाकल्प हो चुका है।
श्री योगी ने विरोधियों को 'बाबर और औरंगजेब का अनुयायी' बताते हुए कहा कि ये लोग समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी आदत समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी तत्वों के हौसले बुलंद करना है, ताकि जनता की सुरक्षा में सेंध लगाई जा सके। ये युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना चाहते हैं, बहन-बेटियों की सुरक्षा पर खतरा पैदा करना चाहते हैं और किसानों एवं हस्तशिल्पियों की खुशहाली को छीनना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार ऐसे भारत विरोधी और समाज विरोधी तत्वों के मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगी। सरकार हर नागरिक की सुरक्षा, सम्मान और प्रदेश के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश