बाढ़ आपदा के समय डबल इंजन की सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है : योगी
फर्रुखाबाद, 03 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित गांवों के पीड़ितों के साथ आपदा की इस घड़ी में डबल इंजन की सरकार पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।योगी ने गुरुवार दोपहर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद जिला मुख्यालय फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित बाढ़ राहत समारोह में बाढ़ पीड़ित एक हजार परिवारों को राहत किट वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित गांवों के पीड़ितों के साथ आपदा की इस घड़ी में डबल इंजन की सरकार पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लगातार राहत सामग्री बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाई जा रही है तथा राहत शिविरों में बच्चों की पढ़ाई की भी व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने गंगा किनारे रहने वाले बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार तटबंध निर्माण की दिशा में प्रयास कर रही है, ताकि बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा भी दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। आलू किसानों की सुविधा के लिए आगरा में अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाया जा रहा है। श्री योगी ने कहा कि फर्रुखाबाद में गंगा एक्सप्रेसवे का लिंक बनाया जा रहा है। इसके बाद फर्रुखाबाद के विकास को लेकर पुराने तंज सुनने को नहीं मिलेंगे।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सैफई सिंडिकेट को लूट का पुराना अनुभव है, लेकिन अब व्यवस्था बदल चुकी है। यदि कोई नौकरी में खिलवाड़ करेगा तो उसे जेल जाने के साथ उसकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि महारानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत सरकार 50 हजार बालिकाओं को स्कूटी उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने दावा किया कि सरकार हर परिस्थिति में अन्नदाता किसान के साथ खड़ी है। रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार बिना भेदभाव के नियुक्तियां हुई हैं। फर्रुखाबाद के साथ कोई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और युवाओं की नौकरी के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के संबंध में उन्होंने कहा कि अब मानदेय की राशि सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी और बिचौलियों की जरूरत नहीं रहेगी। उन्होंने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये किए जाने की भी बात कही।
इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक डॉ. सुरभि, विधायक सुशील शाक्य, एमएलसी प्रियांशु दत्त द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव, शिव महेश दुबे, रामकिशोर साहू समेत भाजपा के नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें