जियो ने पेश किया जियोशील्ड, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर रख सकेंगे नजर
मुंबई, 28 सितंबर (वार्ता) रिलायंस जियो ने सोमवार को अपने ग्राहकों के लिए जियोशील्ड फीचर पेश किया है जिससे वे परिवार को बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा से जुड़ी बातों के बेहतर ध्यान रख सकेंगे। कंपनी ने बताया कि बच्चे घर से बाहर हों या बुजुर्ग अकेले निकले हों, उनकी लोकेशन से लेकर जरूरत के वक्त एसओएस अलर्ट तक अब एक ही जगह मिल सकेगा। जियोशील्ड में परिवार की बाहर और ऑनलाइन दोनों तरह की सुरक्षा के लिए लोकेशन ट्रैकिंग, एसओएस अलर्ट, स्क्रीन टाइम और ऐप-कॉन्टैक्ट कंट्रोल जैसी सुविधाएं दी गयी हैं।इसके जरिये माता-पिता बच्चे की लोकेशन देख सकेंगे और सुरक्षा को लेकर जरूरी अलर्ट पा सकेंगे। फोन की बैटरी कम होने पर भी अलर्ट मिलेगा। बच्चों के मामले में यह तय किया जा सकेगा कि वे किन ऐप्स और कॉन्टैक्ट का इस्तेमाल करें और स्क्रीन पर कितना समय बिताएं। यानी उनके ऑनलाइन इस्तेमाल पर भी नजर और नियंत्रण रखा जा सकेगा। यही सुविधा बुजुर्ग माता-पिता से जुड़े रहने और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद के लिए भी इस्तेमाल की जा सकती है।
इसके लिए ग्राहक को अपने फोन में जियोथिंग्स ऐप और बच्चे या बुजुर्ग के फोन में जियोशील्ड ऐप इंस्टॉल करना होगा। दोनों फोन पर जियो के नंबर होना अनिवार्य होगा। दोनों ऐप जुड़ने के बाद वे अपने फोन से लोकेशन, स्क्रीन टाइम, ऐप और कॉन्टैक्ट जैसी सुविधाओं का प्रबंधन कर सकेंगे। जियोशील्ड की सालाना कीमत 1,000 रुपये है जिसका एकमुश्त भुगतान करना होगा।
जियो की दसवीं सालगिरह के ऑफर में कंपनी ग्राहकों को 1,000 रुपये के जियो रिचार्ज वाउचर दे रही है। ये वाउचर 10 हिस्सों में 100-100 के होंगे। इन्हें 399 रुपये या उससे अधिक के 'असीमित' 5जी प्लान के रिचार्ज पर इस्तेमाल किया जा सकेगा। ऑफर 26 सितंबर से उपलब्ध है। इसके साथ 12 महीने का कांवा प्रो, जिसकी कीमत 4,000 रुपये है, और 28 दिन का अनलिमिटेड 5जी अपग्रेड भी मिलेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें