सरकारों के प्रमुख के रूप में मोदी के 25 वर्ष पूरा होने पर मुर्मु ने दी शुभकामनाएं
नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर सरकारों के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि यह उपलब्धि लोगों के कल्याण, देश की प्रगति और देश को आगे बढ़ाने के संकल्प को दर्शाती है।श्रीमती मुर्मु ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपने संदेश में कहा कि बीते वर्षों में देश में आवास, स्वास्थ्य, वित्तीय सेवाओं, स्वच्छ ऊर्जा और बुनियादी सुविधाओं की पहुंच बढ़ी है। संपर्क, डिजिटल ढांचे और अवसरों को भी मजबूत किया गया है, जिससे देशभर में लाखों लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने गरीबी कम होने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार को इस बदलाव का प्रमाण बताया।
श्री मोदी ने शुभकामनाओं के लिए राष्ट्रपति को धन्यवाद देते हुए कहा है कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सभी के साथ आगे बढ़ते हुए वह उसी कर्तव्य और समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र की सेवा करते रहेंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत आत्मविश्वास और नई आकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ रहा है और दुनिया भारत को नए सम्मान और भरोसे के साथ देख रही है। उन्होंने कामना की कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और संकल्प से देशवासियों को लाभ मिलता रहे।
श्रीमती मुर्मु ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और आगे भी देश व लोगों की सेवा के लिए शक्ति की कामना की।
श्री मोदी ने राष्ट्रपति को धन्यवाद करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा,"राष्ट्रपति जी, शुभकामनाओं और आपके उदार शब्दों के लिए धन्यवाद। ये वर्ष सेवा की एक बेहद संतोषजनक यात्रा रहे हैं, जिसे हर चरण में देश के लोगों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ने आकार दिया है। हमने जो भी प्रगति देखी है, वह इसलिए संभव हो सकी क्योंकि करोड़ों भारतीयों ने विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ राष्ट्र के बदलाव में भाग लेना चुना। इस बदलाव को आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन में देखना विशेष रूप से सुखद है।"
विकसित भारत के निर्माण की दिशा में हम सभी के साथ आगे बढ़ते हुए मैं उसी कर्तव्य और समर्पण की भावना के साथ अपने राष्ट्र की सेवा करता रहूंगा।"
उल्लेखनीय है कि श्री मोदी सात अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। तब से लेकर आज तक वह लगातार सत्ता में रहे हैं- पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में। इस तरह सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में आज उनके 25 वर्ष पूरे हो गए हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें