प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की तस्वीर बदल गई : पंकज चौधरी

 


वाराणसी, 07 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से देश के करोड़ों लोगों और कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिली है तथा उनके नेतृत्व में भारत की तस्वीर बदली है।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सभागार में 'वडनगर-काशी मोटरसाइकिल यात्रा' के सफल समापन पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं के साहस, निष्ठा और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक का मार्ग चुनौतीपूर्ण था, लेकिन कार्यकर्ताओं के संकल्प के सामने सभी बाधाएं आसान हो गईं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात के विकास को नई दिशा देने के साथ पिछले 12 वर्षों में अपने विजन और दूरदर्शिता से पूरे देश की तस्वीर बदल दी है। भारत आज वैश्विक स्तर पर आकर्षण और निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है तथा विश्व समुदाय भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से भी प्रेरणा ले रहा है।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की साख मजबूत हुई है और गरीबों के उत्थान, महापुरुषों के गौरव की पुनर्स्थापना तथा सैनिकों के सम्मान को बढ़ाने का काम हुआ है।
इस अवसर पर 10 प्रमुख रूट इंचार्जों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास