हिम्मत है तो अखिलेश अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं: योगी


 बलरामपुर, 10 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर जिले के उतरौला विधानसभा क्षेत्र के बिलरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम की बात है तो वह पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन अखिलेश यादव में हिम्मत है तो अयोध्या से नामांकन कर मैदान में आएं। उन्होंने कहा कि लड़ाई ही लड़नी है तो चेलों से क्यों, आमने-सामने होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बलरामपुर सदर और उतरौला विधानसभा क्षेत्रों के लिए 803 करोड़ रुपये की 78 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने राप्ती नदी पर पुल सहित विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और सपा सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों दलों की सरकारों ने बलरामपुर जिले को पिछड़ा बनाए रखा।
योगी ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा समय-समय पर पीडीए का अर्थ बदलती रहती है। उन्होंने दावा किया कि आजकल पीडीए का मतलब 'प्रदेश डुबाऊ अथॉरिटी' हो गया है। मुख्यमंत्री ने हालिया राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सीट पर राम गोपाल यादव और दूसरी सीट पर एक धन्नासेठ को भेज दिया। उन्होंने सवाल किया कि यदि सपा जातियों की बात करती है तो उसने ब्राह्मण, क्षत्रिय, पिछड़े, दलित और वैश्य सहित अन्य शोषित एवं वंचित समाज के लोगों को टिकट क्यों नहीं दिया।
उन्होने कहा कि पिछले दस वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने बलरामपुर में विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, पुल और बेहतर सड़कों का निर्माण कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान मां पाटेश्वरी के इस पावन धाम को तस्करी का अड्डा बना दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने नेपाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पड़ोसी देश की आस्था देवीपाटन मंदिर से जुड़ी हुई है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और नानाजी देशमुख का जिक्र करते हुए बलरामपुर को उनकी कर्मभूमि बताया। साथ ही, कई योजनाओं का नामकरण इन विभूतियों के नाम पर करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री तुलसीपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार को वह थारू समुदाय सहित अन्य वर्गों की प्रतिभाशाली बेटियों को सम्मानित करेंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास