दूसरी बार फरियादी आया तो तय होगी जवाबदेही: योगी

 


लखनऊ, 05 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में दूरदराज से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है और किसी व्यक्ति की उचित समस्या का समय से समाधान नहीं होना अक्षम्य है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी वास्तविक समस्या लेकर दूसरी बार फरियाद करने पहुंचता है तो संबंधित मामले में जवाबदेही तय की जाएगी। प्रशासन को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक उचित समस्या का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
योगी ने जनता दर्शन में मौजूद लोगों के बीच पहुंचकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार समाधान कराया जाए। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी दबंग व्यक्ति ने गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा किया है तो उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन को अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त कराने के साथ पीड़ित को न्याय दिलाना और दोषियों को सजा दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और पीड़ितों को समय से राहत मिले।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास