सपा सरकार बनने पर कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल की जायेगी: अखिलेश

 


देवरिया, 09 अक्टूबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाली के पक्ष में है और प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी।

देवरिया से करीब चालीस किलोमीटर दूर लार क्षेत्र के रक्सा गांव में पूर्व विधायक एवं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वर्गीय सुरेश यादव की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने श्री यादव ने पत्रकारों से बातचीत में योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता शिक्षा नहीं है। सरकार हर गांव में शराब की दुकान खोल रही है और प्राइमरी स्कूलों को बंद कर रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री यादव ने तंज कसते हुए कहा कि लगभग हर गांव में शराब की दुकाने है, लेकिन प्राइमरी स्कूल बंद हैं। उन्होंने कहा कि ये रूढ़िवादी लोग हैं, ये वर्चस्व वाले लोग हैं। ये नहीं चाहते कि समाज के लोग पढ़े-लिखे और जागरूक हों। ये नहीं चाहते कि पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक मुसलमान भाइयों के परिवार के बच्चे पढ़े-लिखें।
भाजपा पर तंज कसते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जो सर्वे और रिपोर्ट आ रही हैं। उससे साफ है कि भारतीय जनता पार्टी बड़े पैमाने पर अपने मौजूदा विधायकों के टिकट काटने जा रही है। भाजपा में अंदरूनी घमासान मचा है और उनके नेता ही एक-दूसरे के टिकट कटवाने में लगे हैं। जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
इस दौरान सपा के सांसद रमा शंकर राजभर, डा.संजयन त्रिपाठी, पूर्व विधायक सुभाष श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री ब्रह्मा शंकर तिवारी आदि लोग थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास