मेरठ में कांवड़ियों पर मुख्यमंत्री योगी ने की पुष्प वर्षा
मेरठ, 08 अगस्त (वार्ता) हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिव भक्तों की आस्था और उमंग के बीच शनिवार को मेरठ का कांवड़ मार्ग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पुष्प वर्षा का साक्षी बना। मुख्यमंत्री ने दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचकर कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेरठ-रुड़की राजमार्ग पर इस समय कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री का काफिला दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचा, जहां पुलिस चौकी के समीप विशेष मंच तैयार किया गया था। मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सड़क से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की। कुछ देर के लिए पूरा माहौल फूलों और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री का कांवड़ियों को संबोधित करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन उन्होंने मंच से कोई संबोधन नहीं किया। वह करीब 30 मिनट तक मेरठ में रहे और इसके बाद वापस शोभित विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री का राजकीय विमान पहले गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा था। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय ...